![]()
देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के उपर नावाडीह गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतका की बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास और देवर की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने बहू शबाना खातून (19) और उसके प्रेमी ईरशाद अंसारी (19) को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 30 जून 2026 को उपर नावाडीह गांव में हुई थी, जहां मां-बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई थी। सोनारायठाड़ी थाना में कांड संख्या 33/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल्स और वैज्ञानिक अनुसंधान का सहारा लिया। विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर मृतका की बहू शबाना खातून और उसके प्रेमी ईरशाद अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। बहू ने अकेले मारा, प्रेमी फोन पर दे रहा था निर्देश वारदात के समय ईरशाद अंसारी लगातार मोबाइल फोन के जरिए शबाना के संपर्क में था और उसे निर्देश दे रहा था। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और हथौड़ा भी बरामद कर लिया गया है। घटनास्थल से रक्त के नमूने, आरोपियों के खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और वैज्ञानिक तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

