![]()
घायल का इलाज चल रहा है.
पूर्णिया के लाइन बाजार में बुधवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में एक पुरुष और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को पूर्णिया के राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
.
जानकारी के अनुसार, डगरूआ निवासी 40 वर्षीय खुशबू देवी अपनी बहन पूनम देवी के साथ लाइन बाजार स्थित कुंडी पुल के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और सड़क पार कर रही महिलाओं समेत कुल तीन लोग घायल होकर सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को पूर्णिया के राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया।
अस्पताल के कंपाउंडर दशरथ कुमार के मुताबिक, तीनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी है, जबकि दूसरे की आंख में टांके आए हैं। तीसरे घायल के हाथ और पैर में भी गंभीर चोटें हैं।
घायलों की पहचान डगरूआ निवासी खुशबू देवी, रामबाग निवासी सुनीता देवी (पति घनश्याम शाह) और रहुआ हरदा निवासी रूपेश यादव (पिता विलास यादव) के रूप में हुई है।
घायल खुशबू देवी की बहन पूनम देवी ने बताया कि वे कुंडी पुल चौक पर सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक पर सवार एक पुरुष और एक महिला ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद सभी घायल सड़क पर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें ई-रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

