![]()
जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के हिरम्बा गांव में एक बेकाबू घोड़े ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। पिछले दो दिनों से भटक रहे इस घोड़े ने सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सहित आधा दर्जन लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। घायलों में सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विजय कुमार मिश्रा, रघुनंदन मिश्रा, भगवती देवी और अभिलाषा चंद्र शामिल हैं। गुरुवार को गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, यह घोड़ा किसका है और किस गांव से भटककर आया है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि घोड़ा अत्यधिक आक्रामक हो गया है और किसी भी व्यक्ति को देखते ही हमला कर देता है। सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विजय कुमार मिश्रा पर सुबह टहलने के दौरान घोड़े ने हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। भगवती देवी के कान पर भी हमला कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। अन्य कई ग्रामीण भी घोड़े के हमले में घायल हुए हैं। इस घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस और वन विभाग को दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग ने यह कहकर घोड़े को पकड़ने से इनकार कर दिया कि यह एक पालतू जानवर है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि घोड़ा पागल या असामान्य व्यवहार कर रहा है और लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर घोड़े को पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घोड़े के लगातार हमलों से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और घोड़े की खोजबीन कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


