![]()
भागलपुर में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। आरोप है कि रिचार्ज कराने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। गुरुवार को नाराज उपभोक्ताओं ने मुजाहिदपुर बिजली कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि घंटों पहले ऑनलाइन रिचार्ज करने के बावजूद बैलेंस अपडेट नहीं हुआ। यहां तक की पेमेंट का मैसेज आग गया, लेकिन घरों की बिजली चालू नहीं हो सकी। भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं कई लोगों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ‘पेमेंट करने के बाद भी बैलेंस नहीं दिख रहा’ जागंज फीडर के उपभोक्ता अमित कुमार शाह ने बताया कि उनके स्मार्ट मीटर का बैलेंस लगभग 200 रुपए माइनस में चला गया था। बिजली कटने के बाद एकमुश्त 3,000 रुपए का रिचार्ज कराया। भुगतान का मैसेज भी उनके मोबाइल पर आ गया, लेकिन चार घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो मीटर में बैलेंस अपडेट हुआ और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हुई। घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ‘लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है’ वहीं, अजंता टॉकीज के पास रहने वाले विनय कृष्णा ने बताया कि सुबह कार्यालय खुलते ही 5,000 रुपए का रिचार्ज कराया था। इसके बाद भी बैलेंस नहीं दिख रहा है। घर में बिजली नहीं रहने से परेशानी तो हो ही रही है, लेकिन उनका व्यवसाय पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कंप्यूटर आधारित काम बिजली के बिना ठप हो गया है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। आधिकारिक तौर पर बोलने से इनकार इधर, इस पूरे मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।


