![]()
बक्सर थर्मल पावर प्लांट में एक मजदूर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आक्रोशित परिजनों और मजदूरों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर बक्सर-रोहतास मुख्य मार्ग जाम कर दिया। मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम कुमार के रूप में हुई है। वह शिवशंकर सिंह के पुत्र थे और पिछले लगभग एक वर्ष से प्लांट में एलएंडटी कंस्ट्रक्शन के अधीन पावर मेक कंपनी में मजदूर के तौर पर कार्यरत थे। देखें,मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढे़ं, पूरा मामला… ड्यूटी सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक थी परिजनों और सहकर्मियों के अनुसार, शुभम गुरुवार सुबह रोज की तरह टिफिन लेकर ड्यूटी पर निकले थे। उनकी ड्यूटी सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक थी। उन्होंने सुबह अन्य मजदूरों के साथ काम किया और दोपहर के भोजन के समय भी वह अपने साथियों के साथ देखे गए थे। सहकर्मियों ने तलाश शुरू की हालांकि, कुछ देर बाद वह अचानक गायब हो गए। काफी देर तक दिखाई न देने पर सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन रिसीव नहीं हुआ। सूचना पर परिजन भी प्लांट पहुंचे इसके बाद अन्य मजदूरों को सूचना दी गई और पूरे प्लांट परिसर में खोजबीन शुरू हुई। घंटों तलाश के बाद भी शुभम का कोई पता नहीं चला, जिससे मजदूरों के बीच चिंता बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मजदूरों ने काम बंद कर दिया और परिजन भी प्लांट पहुंच गए। प्लांट परिसर के तालाब में खोजबीन शुरू सूचना मिलने पर राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों को बुलाकर प्लांट परिसर के तालाब में खोजबीन शुरू की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शुभम का शव पानी के ऊपर मिला, जिसे बाहर निकाला गया। सहकर्मियों का कहना है कि संभावना है कि शुभम पानी का स्तर मापने तालाब के पास गए थे, इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बक्सर-रोहतास मुख्य मार्ग किया जाम आक्रोशित परिजनों और मजदूरों ने बक्सर-रोहतास मुख्य मार्ग जाम कर मुआवजे की मांग की। स्थिति को देखते हुए इंटेक के जिला अध्यक्ष पप्पू पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 मार्च को ही प्लांट प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया था और लिखित आश्वासन भी मिला था, लेकिन अधिकारियों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सुरक्षा में लापरवाही से गई मजदूर की जान
पप्पू पांडेय ने कहा कि सुरक्षा में लापरवाही के कारण एक और मजदूर की जान गई है। मजदूर यूनियन पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। मजदूरों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए राजपुर, इटाढ़ी और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
