![]()
शिवहर में जमानत के नाम पर कथित रिश्वत मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने महिला थानाध्यक्ष कल्याणी कुमारी को निलंबित कर दिया है, जबकि गृहरक्षक चालक राकेश कुमार सिंह को ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है। यह कार्रवाई तरियानी थाना क्षेत्र के चकसुरगाही गांव निवासी सुजीत पासवान की शिकायत के बाद की गई। सुजीत ने एसपी के जनता दरबार में आरोप लगाया था कि महिला थाना कांड संख्या 34/26 में जमानत दिलाने के लिए महिला थानाध्यक्ष और चालक द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच एसडीपीओ, शिवहर को सौंपी गई। जांच के दौरान लगाए गए आरोप सही पाए गए। एसपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि महिला थाना के पास स्थित एक चाय दुकान के यूपीआई खाते के माध्यम से राशि का लेन-देन हुआ था। जांच टीम ने इस तथ्य की पुष्टि की। भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति जीरो टॉलरेंस जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला थानाध्यक्ष कल्याणी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केंद्र, शिवहर में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। वहीं, गृहरक्षक चालक राकेश कुमार सिंह को कर्तव्य से हटा दिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
