![]()
पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर जेरुवाबेड़ा जंगल के पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इनमें 5 किलो का एक केन बम, लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल और 35 मीटर कोडेक्स वायर के अलावा इलेक्ट्रिक वायर, ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और एक इमरजेंसी लाइट शामिल है। पुलिस को आशंका है कि सामग्री का इस्तेमाल किसी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था। 10 अक्टूबर की रात एसपी डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को इस संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई। टीम ने जंगल के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। बरामद सामग्री कहां से आई और इसे जंगल में किसने छिपाया था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ तलाशी अभियान भी जारी है।
नक्सल विरोधी अभियान में कामयाबी:पारसनाथ के जंगल में पांच किलो का केन बम, 38 ग्रेनेड शेल मिले
