![]()
पटना में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल को ऐतिहासिक बताते हुए बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। इस पोस्टर में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग भी की गई है। पोस्टर में लिखा है- “नीतीश सेवक मांग रहा है… अब ‘भारत रत्न सम्मान’।” इसके साथ ही पोस्टर में पहली बार ‘मिशन विकसित बिहार-2040’ और निशांत कुमार को लेकर भी कई राजनीतिक संदेश दिए गए हैं। 20 साल के कार्यकाल को बताया ‘जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल’ पोस्टर में लिखा गया है कि “20 साल बेमिसाल… जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल…”। इसके साथ दावा किया गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दो दशक के शासन में बिहार को एकता, न्याय और समावेशी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि उन्होंने इन क्षेत्रों में “विश्व कीर्तिमान” स्थापित किया है। पोस्टर के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में विकास, कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। ‘निशांत कुमार’ को लेकर भी दिया बड़ा राजनीतिक संदेश पोस्टर की एक और खास बात यह है कि इसमें पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी कई संदेश लिखे गए हैं। पोस्टर में लिखा गया है— “तीर निशान! तकदीर निशांत!!” वहीं, निशांत कुमार को ‘फ्यूचर लीडर आफ बिहार’ बताया गया है। इसके अलावा नीचे “निशांत निश्चय” और “नीतीश जी का मिशन अधूरा… निशांत कुमार ही करेंगे पूरा…” जैसे नारे भी प्रमुखता से दिए गए हैं। पोस्टर में “मिशन विकसित बिहार-2040” का जिक्र पोस्टर में “मिशन विकसित बिहार-2040” का भी उल्लेख किया गया है। इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को दीर्घकालिक विकास के रास्ते पर ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है।

