Sunday, July 5, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बरसात आते ही कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाता है मुख्य मार्ग


भास्कर न्यूज | विष्णुगढ़ ​विष्णुगढ़। प्रखंड अंतर्गत ग्राम मड़मो के वार्ड संख्या 01 के ग्रामीण वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात का मौसम आते ही इस वार्ड का मुख्य मार्ग कीचड़, जलजमाव, गहरे गड्ढों में तब्दील हो जाता है। इससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने बगोदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नागेंद्र महतो को सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपा है। मुख्य सड़क का शीघ्र पीसीसी निर्माण कराने की मांग की है। हल्की बारिश में बन जाता है दलदल विधायक को सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि वार्ड संख्या-01 की यह मुख्य सड़क वर्षों से बदहाल पड़ी है। हल्की बारिश के बाद ही पूरी सड़क दलदल का रूप ले लेती है। इससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, जलजमाव हर वक्त दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। सड़क की वास्तविक, दयनीय स्थिति से अवगत कराने के लिए ग्रामीणों ने आवेदन के साथ सड़क की तस्वीरें भी संलग्न की हैं। स्कूली बच्चों और मरीजों की बढ़ी परेशानी ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की इस बदहाली का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, मरीजों पर पड़ रहा है। बच्चे रोज जान जोखिम में डालकर स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। बुजुर्ग, महिलाएं आए दिन कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे गंभीर स्थिति आपातकालीन समय में होती है। सड़क खराब होने के कारण एम्बुलेंस या अन्य आवश्यक वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। इससे मरीजों को समय पर इलाज मिलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लंबे समय तक सड़क पर पानी जमा रहने के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल आवागमन की समस्या नहीं है। यह सीधे तौर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles