![]()
भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मलेरिया नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समन्वित कार्ययोजना बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बुखार से पीड़ित प्रत्येक मरीज की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच की जाए, ताकि संक्रमित व्यक्तियों की समय पर पहचान कर शीघ्र उपचार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जांच और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी आवासीय विद्यालयों, सीआरपीएफ शिविरों तथा पुलिस थाना परिसरों में प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल पर नियमित मलेरिया जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य जांच, निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जहां भी मलेरिया का मरीज चिन्हित हो, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच करेगी। प्रभावित गांवों में विशेष सर्वे, व्यापक जांच अभियान तथा जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आशा, सहिया एवं स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से घर-घर निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि मलेरिया नियंत्रण के लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं और इसे अभियान मोड में संचालित किया जाएगा।
