![]()
सीतामढ़ी शहर के किरण चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में सोमवार को अचानक इमरजेंसी सायरन बज गया। इससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सायरन बजते ही डकैती या किसी बड़ी आपराधिक वारदात की आशंका में पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। सूचना मिलते ही नगर थाना की टीम महज दो मिनट के भीतर बैंक पहुंच गई। इसके बाद डीएसपी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली। इमरजेंसी अलार्म सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़ा होने के कारण, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर शहर के कई थानों की पुलिस बैंक पहुंची। बैंक परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया। साथ ही, पूरे शहर में नाकेबंदी कर प्रमुख चौक-चौराहों और शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। किसी भी संदिग्ध के भागने की आशंका को देखते हुए व्यापक घेराबंदी की गई। पुलिस ने बैंक के अंदर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया। बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज के साथ सुरक्षा प्रणाली की भी जांच की गई। कुछ देर के लिए बैंक परिसर में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच दहशत का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। नगर थाना अध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि बैंक का इमरजेंसी अलार्म बजने की सूचना मिलते ही पुलिस महज दो मिनट में मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर पूरे शहर में तत्काल घेराबंदी कर दी गई थी, ताकि किसी भी संदिग्ध को भागने का मौका न मिले। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि बैंक के अंदर किसी भी प्रकार की लूट, डकैती या अन्य आपराधिक घटना नहीं हुई थी। यह महज एक मॉक ड्रिल थी।

