![]()
बरियातू थाना क्षेत्र के रानी बागान में रहने वाले जमीन कारोबारी विजेंद्र सिंह से मंगलवार को कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने फोन करने वाले अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार, विजेंद्र सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने यह भी कहा कि वह कारोबारी और उसके परिवार की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। कौन कब और कहां जा रहा है, इसकी पूरी जानकारी उसे है। धमकी दी कि पैसा नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। धमकी के बाद सहमे कारोबारी ने सुरक्षा मांगी
धमकी भरा कॉल मिलने के बाद विजेंद्र सिंह और उनका परिवार सहमा हुआ है। परिवार को भी निशाना बनाने की चेतावनी के बाद उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्राथमिकी में कहा है कि उन्हें सुरक्षा दी जाए, ताकि वे निर्भीक होकर अपना कारोबार कर सकें।


