![]()
कटिहार नगर निगम क्षेत्र के खानकाह मोहल्ले में पिछले लगभग दो माह से सड़क और नाले का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसके कारण निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बाइक-ऑटो चालकों को परेशानी लगातार हो रही बारिश ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है। स्कूली बच्चों, छात्रों, बाइक सवारों, ऑटो चालकों और राहगीरों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर फिसलन के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, खासकर रात के समय आवागमन जोखिम भरा हो गया है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… स्थानीय निवासी मो. असगर, मो. फिरोज आलम और शेख मकबूल ने बताया कि नगर निगम ने यह कार्य करीब दो महीने पहले शुरू किया था, लेकिन इसे अब तक पूरा नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और पानी भरने से स्थिति और भी खराब हो गई है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह उनके क्षेत्र का मुख्य मार्ग है, जिससे सभी का आना-जाना होता है। सड़क की इस बदहाल स्थिति से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने नगर निगम और निर्माण एजेंसी पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और सड़क व नाले का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इससे उन्हें कीचड़, जलजमाव और दुर्घटनाओं से राहत मिल सकेगी। इस संबंध में नगर निगम के उपमहापौर मंजूर खान ने बताया कि जलजमाव और कीचड़ की सूचना मिलने के बाद वहां मिट्टी डलवा दी गई है। उन्होंने निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि लोगों को हो रही कठिनाई दूर हो सके।


