![]()
शेखपुरा नगर थाना पुलिस ने अहियापुर मुहल्ले से शराब की एक बड़ी खेप के साथ एक ई-रिक्शा जब्त किया है। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गया। इस कार्रवाई में कुल 149 पाउच शराब बरामद की गई है। नगर थाना के एएसआई महेश पासवान ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जब्त ई-रिक्शा की तलाशी के दौरान सीट के नीचे बोरे में छिपाकर रखे गए 149 पाउच शराब मिले। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर लिया है। इस मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस फरार तस्कर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। एएसआई पासवान ने यह भी बताया कि बरामद ई-रिक्शा के नंबर प्लेट को खरोंच कर मिटा दिया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के अहियापुर मोहल्ले में एक अवैध बिक्री केंद्र पर ई-रिक्शा से शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां पुलिस को देखते ही तस्कर शराब लदे वाहन को छोड़कर भाग निकला। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तस्कर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


