![]()
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जमशेदपुर में एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब के एक कारोबारी से 3.08 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि यह मामला 7 जुलाई को सामने आया, जब बिष्टुपुर स्थित साइबर क्राइम थाना को एनसीसीआरपी पोर्टल के प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से शिकायत मिली। पंजाब के पटियाला निवासी कारोबारी करण जैन ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें एक फर्जी लिंक भेजा गया था। जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, साइबर अपराधियों ने उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी प्राप्त कर उनके खाते से 3,08,000 रुपए निकाल लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए, डुमरिया थाना सन्हा मुसाबनी के डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने डुमरिया थाना क्षेत्र के खैरबनी, बॉकीशोल निवासी विकास बारिक (20) और अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक (31) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने पुलिस को बताया कि घाटशिला के दहीगोड़ा निवासी कृष्णा ओझा भी इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है और ठगी की पूरी साजिश में शामिल था। आरोपियों की निशानदेही पर, पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, बैंकिंग से संबंधित दस्तावेज और डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड बरामद किए। मोबाइल फोन में गूगल पे ट्रांजेक्शन की जांच के दौरान कई संदिग्ध और अवैध लेन-देन के प्रमाण मिले, जिसके बाद सभी संबंधित सामग्री जब्त कर ली गई। शुक्रवार को दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी कृष्णा ओझा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
