![]()
औरंगाबाद पुलिस ने रिसियप थाना क्षेत्र में आभूषण साफ करने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, मोती, मोबाइल, बाइक और जेवरात साफ करने में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र निवासी गणेश साह के पुत्र सिकंदर कुमार और समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के आतापुर गांव निवासी ललन साह के पुत्र मंटून साह के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आभूषण साफ करने का झांसा देकर ठगी रिसियप थानाध्यक्ष संजीत राम ने बताया कि 19 नवंबर 2025 को धनु बिगहा निवासी पिंकू सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी ने थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि 18 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 2:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उसके घर पहुंचे। आभूषण साफ करने का झांसा देकर सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। इस मामले में कांड संख्या-132/25 दर्ज कर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी की गई थी। घटना के करीब एक सप्ताह बाद पुलिस ने कटिहार जिले के ब्रह्मदेव भगत के पुत्र पंकज भगत और रामधनी यादव के पुत्र अखिलेश यादव को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश लगातार जारी थी। सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान रिसियप थाना मोड़ के समीप दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए सोने के आभूषण और अन्य सामान बरामद हुए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। सोने का आभूषण और बर्तन साफ करने वाला केमिकल बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के दो झुमके, एक मंगलसूत्र, छह मोती, छह मोंगा, दो मोबाइल, एक बाइक, आभूषण साफ करने वाले पदार्थ के दो डिब्बे और एक डिब्बा पाउडर बरामद किया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर महिलाओं को आभूषण चमकाने और साफ करने का लालच देकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। बरामद सामान के संबंध में भी जांच की जा रही है, ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों के बहकावे में आकर अपने कीमती आभूषण किसी को न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें।


