![]()
दरभंगा में पिछले 2 दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिससे शहर के कई इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शहर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में सड़कें पानी में डूबी नजर आई। जिससे आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर निगम कार्यालय और डीएमसीएच कॉलेज परिसर में बारिश का पानी भर गया है। इसके अलावा उर्दू बाजार रोड, दारू भट्टी चौक के आसपास का इलाका, लक्ष्मीसागर मोहल्ला, सदर प्रखंड कार्यालय जाने वाली सड़क और दिलावरपुर के आसपास भी जलजमाव की स्थिति है। पैदल चलने वाले लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई जगहों पर वाहन रेंगते नजर आए। नगर निगम की खुली पोल शहर में वाटर लॉगिंग के चलते लोगों में नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। स्थानीय अबु बकर ने बताया थोड़ी सी बारिश ने ही निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। पक्की नाली बनाने की मांग स्थानीय मो. राजा ने बताया कि दारू भट्टी चौक की सड़क काफी नीची हो चुकी है। इसके कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और उसकी निकासी नहीं हो पाती। सड़क को ऊंचा करने की जरूरत है। साथ ही दोनों किनारों पर पक्की नालियों का भी निर्माण होना चाहिए, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके। समस्या के समाधान की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क और नाला निर्माण की दिशा में ठोस पहल की गई तो शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सकती है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पूरे मानसून के दौरान लोगों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। हर साल बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई काम नहीं हुआ।

