![]()
बिहार सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ अधिकारी कुमारी अनुपम सिंह को औरंगाबाद का नया उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद नियुक्त किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। इससे पहले पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्यरत थीं। पूर्व डीडीसी अनन्या सिंह के ट्रांसफर के बाद यह पद खाली था। जिले की कार्यप्रणाली से पहले से हैं परिचित कुमारी अनुपम सिंह के लिए औरंगाबाद नया जिला नहीं है। प्रशासनिक करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने यहीं परीक्ष्यमान वरीय उप समाहर्ता के रूप में काम किया था। इसके बाद मदनपुर प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की जिम्मेदारी भी निभाई। बाद में दाउदनगर अनुमंडल की एसडीओ बनने पर उन्होंने कानून-व्यवस्था, जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन और विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग को लेकर अपनी अलग कार्यशैली की पहचान बनाई। इसके अलावा वे बक्सर में वरीय उप समाहर्ता, भभुआ सदर एवं पटना सदर की एसडीओ, नवादा में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा बक्सर में एडीएम (राजस्व) जैसे अहम पदों पर भी सेवाएं दे चुकी हैं। विकास योजनाओं में तेजी आने की उम्मीद औरंगाबाद की भौगोलिक और प्रशासनिक परिस्थितियों का अनुभव होने के कारण उनकी नियुक्ति को जिले के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पंचायतों से जुड़ी योजनाओं, जिला परिषद के कार्यों, मनरेगा सहित ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में और गति आएगी। प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में उनकी नियुक्ति का स्वागत किया जा रहा है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ जिले के समग्र विकास और योजनाओं के प्रभावी संचालन में मिलेगा।
