![]()
गिरिडीह | बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को बाल वाटिका (नर्सरी से कक्षा 2) के विद्यार्थियों के लिए रथ यात्रा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनमें आस्था एवं सम्मान का भाव विकसित करना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का स्वरूप धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम में भाग लिया। सजे-धजे रथ के साथ बच्चों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ यात्रा निकाली। भक्ति गीतों, जयघोष और धार्मिक वातावरण ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान जगन्नाथ की महिमा पर आधारित मनमोहक भाव-नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने खूब सराहा। प्राचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय सभ्यता, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

