![]()
समस्तीपुर के चकोटी मठ-24 अवतार धाम मंदिर में भीषण चोरी हुई है। शनिवार देर रात मेन गेट का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। श्री राम लला की अष्टधातु की मूर्ति, सोने की मुकुट, छतरी, तीर-धनुष, गले की चेन समेत कीमती सामान ले उड़े। घटना खानपुर थाना क्षेत्र की है। ‘करोड़ों की मूर्ति गायब’ महंत रामसेवक दास शास्त्री ने बताया कि शाम की आरती के बाद मंदिर को बंद कर दिया गया था। ब्रह्म मुहूर्त में पूजा के लिए आज(रविवार) सुबह पहुंचा को देखा कि ताला खुला हुआ है। ग्रिल सटाया हुआ था। गर्भगृह से श्री राम लाल की 200 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्ति गायब है, जिसकी कीमत करोड़ों में होगी। इसके अलावा मंदिर जिर्णोद्धार के बाद लगाए गए सोने की धनुष-बाण, सोने की परत चढ़ी हुई छतरी, चांदी की मुकुट, किशोरी जी की चेन, लक्ष्मी माता की सोने की चेन गायब है। चार अलग-अलग दान पेटी से भी लाखों रुपए ले भागे। पिछले महीना मुख्यमंत्री ने किया था उद्घाटन बिहार के सीएम सम्राट चौधरी 24 जून 2026 को मठ परिसर में 24 अवतार धाम नए मंदिर का उद्घाटन किया था। इसके बाद से ही यह मंदिर चर्चा का विषय बना हुआ था। 11 दिवसीय यज्ञ का भी आयोजन हुआ था जिसमें समस्तीपुर समेत आसपास के जिले से हजारों लोग पहुंचे थे। यह बिहार का पहला मंदिर है, जहां भगवान विष्णु के 24 अवतार को दिखाया गया है। छानबीन में जुटी पुलिस वहीं, इस संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस को मौके पर भेजा गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मंदिर में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

