![]()
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में टोटो चोरी के एक मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी हुआ टोटो बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मिहिजाम के हिल रोड निवासी शंकर बर्मन का टोटो उनके घर के पास से चोरी हो गया था। घटना के बाद पीड़ित ने मिहिजाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच तेज कर दी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। दोनों आरोपी हिल रोड के ही रहने वाले जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने टोटो चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजदेव सिंह और उपकर पासवान के रूप में की गई है। दोनों आरोपी मिहिजाम के हिल रोड क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से चोरी हुआ टोटो भी बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ-साथ तकनीकी साधनों का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


