![]()
शेखपुरा में बीए की परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। रविवार को भूमिहार एकता मंच के नेताओं का एक शिष्टमंडल पीड़िता के घर पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मंच के नेताओं ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो 14 जुलाई को शेखपुरा समाहरणालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मामला 7 जुलाई की देर शाम का बताया जा रहा है। आरोप है कि बीए की परीक्षा देकर कॉलेज से घर लौट रही छात्रा को रास्ते में जबरन बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार से मिले मंच के नेता रविवार को भूमिहार एकता मंच के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह उर्फ बुधन भाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के घर पहुंचा। शिष्टमंडल में मंच के पूर्व जिलाध्यक्ष नित्यानंद प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष चुनचुन सिंह, टनटन सिंह, मनोज सिंह, राजेश कुमार, रूपेश कुमार, मुन्ना कुमार सिंह, मंटू कुमार सिंह, शिव शंकर सिंह समेत कई सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में मंच उनके साथ खड़ा रहेगा। 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा प्रदर्शन मंच के नेताओं ने कहा कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 48 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 14 जुलाई को शेखपुरा कलेक्ट्रेट के सामने सैकड़ों लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर है पीड़ित परिवार मंच के नेताओं ने बताया कि पीड़िता का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। करीब पांच वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो चुका है। परिवार का पालन-पोषण उसकी मां घर में परचून की दुकान चलाकर करती हैं। पीड़िता अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी है और पढ़ाई कर रही है। नेताओं ने कहा कि ऐसे परिवार को हर स्तर पर न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए तथा प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। एसआईटी समेत कई थानों की पुलिस कर रही छापेमारी इधर, पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। एसपी के निर्देश पर एसआईटी के अलावा कई थानों की पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी पीड़िता के घर पहुंचकर परिजनों से मिला था और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। अब इस मामले में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की सक्रियता बढ़ने से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी को लेकर दबाव भी बढ़ता जा रहा है।


