![]()
झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी रांची समेत कई हिस्सों में वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी डीप डिप्रेशन का असर दिखा, जिससे दिनभर बादल छाए रहे। उमस ने लोगों को परेशान किया। रामगढ़ में सबसे अधिक 22.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। 14 और 15 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश मौसम विभाग ने 14 और 15 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 14 जुलाई को गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं 15 जुलाई को गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह के साथ कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में तेज बारिश हो सकती है। राज्य के 14 जिलों में आज भी आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। अगले 3 दिन में 4 डिग्री गिरेगा पारा मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। रांची में 14 से 17 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में तापमान 31 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जहां उमस बनी रह सकती है। राज्य में अब तक 263.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 17 प्रतिशत कम है, लेकिन सक्रिय मानसून से यह कमी पूरी होने की उम्मीद है। 7 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका मौसम केंद्र ने रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, दुमका और गोड्डा सहित कई जिलों में वज्रपात की आशंका जताई है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। गोड्डा के पथरगामा में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 33.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। जबकि अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री बहरागोड़ा और न्यूनतम 21.1 डिग्री लोहरदगा में रिकॉर्ड किया गया। दक्षिणी और मध्य झारखंड में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने अनावश्यक यात्रा से बचने और चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है।

