Monday, July 13, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

अररिया में भूमि विवाद को लेकर मारपीट:55 साल के अधेड़ की मौत, पत्नी ने कहा- आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिले


अररिया के जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत सिमरिया पंचायत के भेभरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मजुर, पिता स्वर्गीय रहीस, के रूप में हुई है। घटना रविवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुराने भूमि विवाद में हुआ खूनी संघर्ष स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, गांव में दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें मजुर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल जोकीहाट रेफरल अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित जोकीहाट रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अररिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पहुंच गए। पत्नी ने सुनाई आपबीती मृतक की पत्नी मसूदा ने बताया कि गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और उनके पति के साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि परिजन गंभीर रूप से घायल मजुर को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके। परिवार के मुताबिक, मजुर मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। गांव में तनाव, कार्रवाई की मांग घटना के बाद भेभरा गांव में दोनों पक्षों के परिजनों के बीच तनाव व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सदर अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घटना की सूचना ऑडी स्लिप के माध्यम से संबंधित थाना पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस बोली- मामले की हो रही जांच जोकीहाट थाना पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles