![]()
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने शिवहर जिले के ऐतिहासिक बाबा भुवनेश्वर नाथ धाम स्थित देकुली धाम में तालाब के सौंदर्यीकरण और 74 दुकानों के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार की ओर से तालाब के सौंदर्यीकरण पर 5.83 करोड़ रुपये और मंदिर परिसर के बाहर 74 दुकानों के निर्माण पर 2.93 करोड़ रुपये की लागत आई है। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से ही बिहार के कई पर्यटन विभाग से जुड़े ऐतिहासिक कार्यों का उद्घाटन किया है, जिसमें यह परियोजना भी शामिल है। उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार राज्य पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर का लगभग 11.98 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया गया है। इसमें मंदिर परिसर में पर्यटकों की सुविधा के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स, सरोवर और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। देकुली धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए कुशहर से देकुली धाम तक सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य भी किया गया है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है। मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों का उद्देश्य इस प्राचीन महाभारतकालीन स्थल को एक प्रमुख पर्यटन और धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करना है। इस अवसर पर एमएलसी रेखा कुमारी, देकुली धाम प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह अनुमंडल दंडाधिकारी अविनाश कुणाल, सचिव संदीप भारती, प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य कुमार, जदयू के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, जदयू युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष हेमंत कुमार, लोजपा (रा) जिला अध्यक्ष विजय कुमार पांडे, जदयू उपाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री राजेश कुमार उर्फ राजू जी, राजीव कुमार पांडे सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


