![]()
पूर्णिया में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिले के छह विभिन्न प्रखंडों में नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इन कॉलेजों का उद्घाटन किया। इन महाविद्यालयों के खुलने से ग्रामीण अंचल के छात्रों को अब उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। यह कदम स्थानीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ बनाएगा। उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से सांसद, मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य (MLC) और प्रखंड प्रमुख सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन
इन सभी छह कॉलेजों का विधिवत उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से भागलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट दबाकर किया गया। यह पहल राज्य सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश के हर अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर उच्च शिक्षा के संस्थानों को सुदृढ़ किया जा रहा है।
इन प्रखंडों में सांसद, मंत्री, विधायक ने किया उद्घाटन
पूर्णिया जिले के अमौर, बैसा, श्रीनगर, केनगर, रुपौली और जलालगढ़ प्रखंडों में इन कॉलेजों के उद्घाटन समारोह आयोजित किए गए । जहां पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, मंत्री लेशी सिंह, विधायक तथा एमएलसी सहित जनप्रतिनिधियों ने उद्घाटन किया । इस मौके पर ज़िला पदाधिकारी से लेकर, प्रखंड स्तर तक के पदाधिकारी तथा पूर्णिया विश्वविद्यालय के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे ।
के. नगर प्रखंड में मंत्री लेसी सिंह ने किया उद्घाटन
पूर्णिया के के. नगर प्रखंड स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार भी उपस्थित रहे।
रुपौली में सांसद पप्पू यादव रहे मौजूद
रुपौली प्रखंड क्षेत्र के बिरौली बाजार स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने किया। इस अवसर पर धमदाहा के डीसीएलआर, स्थानीय बीडीओ, सीओ और महाविद्यालय के प्राचार्य सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जलालगढ़ में सांसद, विधायक और एमएलसी ने काटा फीता
पूर्णिया के जलालगढ़ प्रखंड के राजकीय डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बतौर मुख्य अतिथि कॉलेज का उद्घाटन किया। उनके साथ कसबा विधायक नितेश सिंह, तथा MLC अनिल कुमार ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति देखी गई । पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति विवेकानंद सहित विश्वविद्यालय के वरीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अमौर और बायसा में Aimim विधायक ने काटा फीता
पूर्णिया के अमौर प्रखंड क्षेत्र के मचहट्टा स्थित नवनिर्मित कॉलेज का उद्घाटन अमौर विधायक अख्तरुल ईमान ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में पूर्णिया विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। विधायक अख्तरूल ईमान द्वारा बायसा प्रखंड में बने राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन भी संपन्न हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
श्रीनगर में प्रखंड प्रमुख ने किया उद्घाटन
पूर्णिया के श्रीनगर प्रखंड में राजकीय उच्च विद्यालय के परिसर में स्थित नए कॉलेज का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख मोहम्मद शाहनवाज आलम ने किया। इस अवसर पर बीडीओ गनौर पासवान और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चंद्रशेखर कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। अलग जगहों पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस उपलब्धि को मील का पत्थर माना है । उन्होंने कहा कि इन कॉलेजों के खुलने से क्षेत्र की शैक्षणिक तस्वीर बदल जाएगी। अब गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को अपने ही प्रखंड में स्नातक स्तर की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद
पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले इन नए कॉलेजों के शुरू होने से जिले की साक्षरता दर और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इन कॉलेजों के सुचारू संचालन के लिए आने वाले समय में आधारभूत संरचनाओं और शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया को और तेज किए जाने की बात भी कही गई। मंत्री लेसी सिंह ने कहा है कि के. नगर प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र की सालों पुरानी मांग थी। आज इस सपने को साकार होते देख अत्यंत प्रसन्नता और संतोष का अनुभव हो रहा है।


