![]()
भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसा हुआ। इसमें घायल युवक की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतक की पहचान रानी तालाब निवासी फुच्चो मंडल के बेटे आशीष कुमार(19) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान प्रवीण कुमार के रूप में की गई है। दोनों युवक बुधवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर रानी तालाब से शंकरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोषपुर के पास तेज रफ्तार एक गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस घायल युवक ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हम सड़क पर काफी दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से हमें तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचाया। मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल प्रवीण कुमार के परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए हैं, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना अस्पताल से ही परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सबौर थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

