![]()
कटिहार पुलिस ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद को देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में अरेस्ट किया है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में उसके पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार, उसका संपर्क राणा हुसैन नामक व्यक्ति से भी था, जिसे पाकिस्तानी आतंकी संगठन शहजाद भट्टी से जुड़ा बताया जा रहा है। चोरी की गाड़ी की व्यवस्था करने का मिला था निर्देश एसपी ने बताया कि आरोपी को दिल्ली जाकर एक चोरी की गाड़ी की व्यवस्था करने का निर्देश मिला था। इसके बाद उसे आगे की योजना से अवगत कराया जाना था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी मिल गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। व्हाट्सऐप ग्रुप से लोगों को जोड़ने के लिए भेजे थे लिंक पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में कई अहम जानकारियां मिली हैं। जांच में पता चला कि उसने व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए कई लोगों को जोड़ने के लिए लिंक भेजे थे। पुलिस ने उन लोगों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही-एसपी एसपी परिचय कुमार ने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी का संपर्क मुंगेर से पहले गिरफ्तार किए गए एक संदिग्ध आतंकी से होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

