Wednesday, September 9, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू में फंदे से झूलता मिला नवविवाहिता का शव:मायके बोले- दहेज के लिए मार दिया, पति ने कहा- खाना पहुंचाने अस्पताल गया था


पलामू के शहर थाना क्षेत्र के रेडमा चौक के पास एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान रेडमा चौक निवासी वैष्णवी देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 10 महीने पहले सूरज गुप्ता से हुई थी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे वैष्णवी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग शव को ले जाने लगे, लेकिन पुलिस चौकी के जवानों ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान ससुराल पक्ष की ओर से मायके वालों को घटना की जानकारी दी गई। बुधवार को मायके वाले पलामू पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर वैष्णवी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। कम दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया कि कम दहेज मिलने के कारण वैष्णवी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि दहेज को लेकर उसे अक्सर परेशान किया जाता था। उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप दिया गया है। मृतका के मामा जीतेंद्र ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वैष्णवी की अपनी मां से सामान्य बातचीत हुई थी। उस दौरान उसने किसी तरह की परेशानी या विवाद की बात नहीं बताई थी। इसके करीब दो घंटे बाद उसके फंदे से लटके मिलने की सूचना मिली। मायके वालों के मुताबिक, अचानक आत्महत्या की खबर मिलने से उन्हें घटना पर संदेह हुआ। वैष्णवी जन्माष्टमी से दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल आई थी। उसका मायका उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के औडिमोड थाना क्षेत्र में है। पति बोला- खाना पहुंचाने अस्पताल गया था वैष्णवी के पति सूरज गुप्ता ने बताया कि मंगलवार रात वह पांच लोगों के लिए खाना बनवाकर गंगा हॉस्पिटल पहुंचाने गए थे। उनके अनुसार, खाना वैष्णवी ने ही बनाया था। वह खाना लेकर अस्पताल चले गए। उनके जाने के बाद घर में यह घटना हुई। सूरज की रेडमा चौक पर फोटो कॉपी की दुकान है। इधर, घटना की सूचना शहर थाना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतका के मायके वालों ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles