![]()
शेखपुरा साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। विशेष अभियान के तहत रामनगर गांव में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी सह साइबर थाना अध्यक्ष ज्योति कुमारी और बरबीघा थाना पुलिस ने पुलिस केंद्र से अतिरिक्त बल की सहायता से गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। छह अन्य फरार होने में सफल रहे रामनगर गांव स्थित पश्चिम प्राथमिक विद्यालय के समीप बगीचे में छापेमारी के दौरान सात संदिग्ध भागने लगे, जिनमें से शैलेन्द्र कुमार निवासी रामनगर को मौके से दबोच लिया गया। हालांकि, छह अन्य फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी शैलेन्द्र कुमार के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। तकनीकी जांच में इन फोनों से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। डाटा, चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले जांच में सामने आया कि यह गिरोह इंस्टाग्राम पर फर्जी लोन विज्ञापन चलाता था। व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें झांसे में लिया जाता था। प्रोसेसिंग फीस के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर पीड़ितों से पैसे वसूले जाते थे। पुलिस को संभावित पीड़ितों का डाटा, चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत से भी जुड़ा पाया गया। शेखपुरा साइबर थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन लोन, निवेश या आकर्षक ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और सतर्क रहें।


