झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से घोिषत झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर बोकारो जिले में प्रशासनिक और परीक्षा स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई है। आगामी 19 जुलाई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए बोकारो को एक प्रमुख परीक्षा हब बनाया गया है, जहां कुल 66 केंद्रों पर 30,579 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसमें सरकारी नौकरी पाने के लिए अभ्यर्थियों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। राज्य स्तर पर कुल 510 पदों पर नियुक्ति के लिए 3.22 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इस लिहाज से प्रत्येक एक पद के लिए औसतन 633 दावेदार मैदान में हैं। बोकारो जिले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। परीक्षा पूरी तरह से ओएमआर शीट पर ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए इसे तीन पालियों में विभाजित किया गया है। प्रथम पाली सुबह 08:30 बजे से 10:30 बजे तक होगी। द्वितीय पाली सुबह 11:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक व तृतीय पाली दोपहर 03:30 बजे से शाम 05:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर डीसी अजय नाथ झा ने जिले के अधिकािरयों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि सभी केंद्रों के अधीक्षक झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरश: पालन करेंगे। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच और किसी भी अन्य प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।


