![]()
लखीसराय के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बेनीपुर रेल अंडरपास से महेशपुर जाने वाली सड़क किनारे राहगीरों ने शव देखा, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर आसपास के गांवों से भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पीरीबाजार थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेदनीचौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार और मानिकपुर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल पर बिखरा मिला खून पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने का कार्य प्रारंभ किया। घटनास्थल पर सड़क पर काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ मिला। शव से कुछ दूरी पर एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पहचान के लिए स्थानिय लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पहचान होने के बाद मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से खून के नमूने, मोबाइल फोन सहित अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र कर जांच करेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल, पुलिस हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना सहित सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

