![]()
मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र में फरार ड्रग्स तस्कर संतोष कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। वह मेडिकल जांच के दौरान तीन चौकीदारों को चकमा देकर भाग गया था। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले तीनों चौकीदारों को निलंबित कर दिया गया है। पताही थाना पुलिस ने रविवार को ड्रग्स तस्कर संतोष कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह (पिता विजय सिंह, निवासी बाराशंकर, थाना पताही) को गिरफ्तार किया था। उसे मेडिकल जांच के लिए पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर मौके पर तैनात तीन चौकीदारों को चकमा दिया और फरार हो गया। SP ने तीनों चौकीदारों को किया निलंबित आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों चौकीदारों को निलंबित कर दिया। फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पकड़ीदयाल एसडीपीओ कुमार चंदन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर फरार तस्कर को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ कुमार चंदन ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और सक्रियता के कारण आरोपी को शीघ्र ही पकड़ा जा सका। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।


