![]()
नवादा में वारिसलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक लूटकांड का आरोपी है, जबकि दूसरा साइबर ठगी में शामिल था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
पहला मामला 15 जुलाई की रात का है, जब बलवापर निवासी विपिन कुमार अलीगंज स्थित अपने होटल ‘किचन किंग फैमिली रेस्टोरेंट’ से लौट रहे थे। लोदीपुर और मोसमा के बीच तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर लूटपाट की थी। इस संबंध में विपिन कुमार ने 20 जुलाई को वारिसलीगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर थाना कांड संख्या 503/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में महज पांच घंटे के भीतर ठेरा, वारिसलीगंज निवासी नामजद आरोपी शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटे गए 1,000 रुपए नगद और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ वारिसलीगंज थाना में पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एंड्रॉयड मोबाइल और फर्जी सिम कार्ड बरामद
दूसरी कार्रवाई में, पुलिस ने 21 जुलाई की मध्यरात्रि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर गोड़ापर गांव में छापेमारी कर अविनाश कुमार (21 वर्ष), पिता कैलाश मांझी, को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक फर्जी सिम कार्ड बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी अविनाश ने स्वीकार किया कि वह बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस और अन्य कंपनियों के नाम पर ग्राहकों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। वह ग्राहकों के मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी वाले डेटा का उपयोग कर लोगों से संपर्क करता था। इस संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 505/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
