![]()
धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार किया है। ये दोनों एक स्थानीय जमीन कारोबारी और एक होटल व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने यह कार्रवाई 23 जुलाई को बीआईटी पॉलिटेक्निक के पास जंगल में गुप्त सूचना के आधार पर की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी और शोएब कुरैशी को गिरफ्तार किया। तलाशी में गुलाम गौस के पास से दो जिंदा बम, एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। शोएब कुरैशी के पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। बरामद कारतूसों पर ‘KF 7.65’ अंकित है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं और हत्या की योजना बनाने के लिए वहां इकट्ठा हुए थे। गुलाम गौस ने यह भी स्वीकार किया कि वह व्हाट्सएप के जरिए फरार गैंगस्टर प्रिंस खान और गोपी खान के संपर्क में था। इस मामले में बैकमोड़ थाना (भूली ओपी) में कांड संख्या 116/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम का नेतृत्व भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने किया। टीम में पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर कुमार, अरुण कुमार, मनोज कुमार ओझा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

![ZIM vs IND [WATCH]: Mayank Yadav’s 149 kmph thunderbolt stuns Brian Bennett in 1st T20I](https://crickettimes.com/wp-content/uploads/2026/07/Mayank-Yadav-dismisses-Brian-Bennett-with-a-beauty-.webp)
