![]()
गिरिडीह पुलिस ने 20 जून से लापता युवक शंकर कुमार सिंह उर्फ बिंदु सिंह की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के जीजा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसहा जंगल से मृतक का मानव कंकाल, हत्या में प्रयुक्त गमछा, कपड़े, चप्पल, आरोपी का मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया गया है। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने गुरुवार को बताया कि सियारंगी निवासी हृदय नारायण सिंह ने 1 जुलाई 2026 को पीरटांड़ थाना में अपने पुत्र शंकर कुमार सिंह के 20 जून से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने धनबाद निवासी सोनियां नामक महिला और अन्य पर अपहरण का संदेह व्यक्त किया था। इस शिकायत के आधार पर पीरटांड़ थाना में कांड संख्या 22/26 के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चंदन कुमार भोक्ता को देवघर से पकड़ा मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने धनबाद निवासी सोनियां कुमारी से पूछताछ की। इसके बाद संदिग्ध चंदन कुमार भोक्ता को उसके गांव सीरसा, देवघर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान चंदन कुमार भोक्ता ने शंकर की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी चंदन मृतक शंकर का जीजा है और धनबाद कोर्ट के बाहर टाइपिंग का काम करता था। शंकर सोनियां से शादी करने की जिद करने लगा पुलिस ने बताया कि सोनियां नामक महिला अक्सर चंदन के पास काम से आती-जाती थी। इसी दौरान शंकर की पहचान सोनियां से हुई और दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। बाद में शंकर सोनियां से शादी करने की जिद करने लगा। आरोपी चंदन ने पुलिस को बताया कि सोनियां पहले से विवाहित थी और तीन बच्चों की मां होने के बावजूद अपने पति से अलग रह रही थी। शंकर लगातार उस पर शादी कराने का दबाव बना रहा था और ऐसा न करने पर उसके भेद खोलने की धमकी दे रहा था। आरोपी ने प्रेमिका से मिलवाने का दिया झांसा इसी विवाद से परेशान होकर आरोपी ने शंकर को सोनियां से मिलवाने का झांसा दिया और मोटरसाइकिल से टुंडी थाना क्षेत्र के बसहा जंगल ले गया। वहां पहले पत्थर से उसके सिर पर वार किया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से मानव कंकाल, नारंगी रंग का गमछा, शर्ट, जींस, अंतःवस्त्र, एक जोड़ी चप्पल, आरोपी का मोबाइल फोन तथा एक चाकू बरामद किया।

