![]()
शिवहर में जिला पदाधिकारी (डीएम) की अध्यक्षता में गुरुवार को जल जीवन हरियाली मिशन और VB-G RAM G योजना के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति और अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को तत्काल कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया
समीक्षा के दौरान मानव दिवस सृजन, SC/ST मानव दिवस सृजन, जियो टैगिंग, NMMS उपस्थिति और सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित लंबित ATR में अपेक्षित प्रगति न होने पर डीएम ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, योजना के तहत बचे हुए सभी सक्रिय श्रमिकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी अविलंब पूरा कराने को कहा, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी
VB-G RAM G योजना के अंतर्गत वृक्षारोपण से संबंधित सभी कार्यों को एक सप्ताह के भीतर हर हाल में प्रारंभ करने का अल्टीमेटम दिया गया। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों को स्थलीय जांच करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में बिना पूर्व सूचना और वैध कारण के अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों और पदाधिकारियों को चिन्हित कर उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने वाले कर्मियों और अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
