![]()
मनिका विधानसभा क्षेत्र के लातेहार प्रखंड अंतर्गत धनकारा गांव के मुस्लिम मोहल्ले में एक ही समुदाय के करीब 140 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 जमा किए जाने को लेकर सोमवार से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बूथ संख्या 196 के 140 मतदाताओं के नाम से फॉर्म-7 भरकर बीएलओ रूमाना बीबी को दिए गए। फॉर्म में अपना नाम देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मामले की जानकारी उपायुक्त संदीप कुमार को मिलने के बाद, उनके निर्देश पर सोमवार शाम लातेहार बीडीओ मनोज तिवारी, अंचल अधिकारी नंदकुमार राम और थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस बल के साथ धनकारा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। मंगलवार को भी प्रशासन और पुलिस की टीम गांव पहुंची। टीम ने फॉर्म-7 जमा किए जाने और उससे जुड़े आरोपों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 पर हस्ताक्षर कराने के लिए बीएलओ पर दबाव बनाया गया। यह बात भी सामने आई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा। थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद, जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धनकारा में 140 वोटरों का फॉर्म-सात जमा किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश
