![]()
मोतिहारी के पूर्वी चंपारण स्थित छौड़ादानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में व्यवस्था सुधारने की पहल शुरू हो गई है। नए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशु अंकित ने पदभार संभालते ही एक्शन मोड में काम करना शुरू कर दिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अंकित ने अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष और दवा वितरण केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। डॉ. अंकित ने मरीजों और उनके परिजनों को आश्वासन दिया कि अस्पताल में दवा और इलाज की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने किसी भी समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क करने को कहा। सरकारी संसाधनों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के पास जंग लगे और टूटे-फूटे बेड देखकर प्रभारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि सरकारी संसाधनों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. अंकित ने तत्काल खराब उपकरणों की सूची बनाने और उन्हें बदलवाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई, शौचालय और वार्डों की स्थिति सुधारने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी स्थानीय लोगों के अनुसार, विधायक विशाल साह की पहल के बाद ही अस्पताल में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई है। लंबे समय से स्टाफ की कमी, जर्जर उपकरण और अव्यवस्था को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। नए प्रभारी के आने से लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है। निरीक्षण के बाद डॉ. अंशु अंकित ने स्वास्थ्य प्रबंधक आशीष कुमार, प्रधान लिपिक आशुतोष कुमार, लिपिक अवध किशोर प्रसाद और अन्य कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों में लापरवाही बर्दाश्त न करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार और समय पर इलाज सुनिश्चित किया जाना चाहिए। डॉ. अंकित ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर अस्पताल की सभी कमियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और चरणबद्ध तरीके से सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

