![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के कुंदरुगुटू गांव में 28 वर्षीय लक्ष्मण बिरुआ का शव महाली तालाब से बरामद किया गया। वह पिछले चार दिनों से लापता था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान लक्ष्मण बिरुआ के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अवैध संबंध का आरोप, ग्रामसभा के बाद विवाद मृतक के छोटे भाई राकेश बिरुआ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लक्ष्मण की पत्नी और उसके चाचा गंगाराम बिरुआ के बीच कथित अवैध संबंध थे। राकेश के अनुसार, कुछ दिन पहले लक्ष्मण ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद गांव में इस मुद्दे को लेकर ग्रामसभा भी बुलाई गई थी। हालांकि, पंचायत के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। परिजनों का कहना है कि ग्रामसभा के बाद गुरुवार से ही लक्ष्मण अचानक लापता हो गया था। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच रविवार को तालाब से शव मिलने के बाद मामला हत्या की आशंका में बदल गया है। हत्या के बाद तालाब में फेंकने की आशंका ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के गले और शरीर पर धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले हैं, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंक दिया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण शव पानी के ऊपर आ गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद से गंगाराम बिरुआ और मृतक की पत्नी फरार हैं। पुलिस ने शक के आधार पर गंगाराम बिरुआ के दोस्त शारदा बिरुआ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

