![]()
मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी डीलर और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के नेता प्रभाकर सिंह (45) की हत्या 3.5 लाख रुपए सुपारी देकर कराई गई। प्रभाकर ने उदय पटेल-तुलसी राय जमीन खरीदी थी। पैसों के लेन-देन में प्रभाकर का विवाद हो गया। जिसके बाद पटेल-तुलसी राय ने सुपारी देकर प्रभाकर की हत्या करा दी थी। पटेल और तुलसी की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। आज मामले में शूटर सत्यम कुमार सिंह (22) और लाइनर डब्लू कुमार (35) की गिरफ्तारी हुई है। मर्डर के पीछे का कारण पुलिस की पूछताछ में इन्होंने ही बताया। मामले अबतक 4 गिरफ्तारी हो चुकी है, दूसरा शूटर अभी भी फरार है। घटना 30 मार्च को अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ चौक के पास हुई थी। मुख्य शूटर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार मुख्य शूटर सत्यम कुमार सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ शराब से जुड़े मामले दर्ज हैं। अब पुलिस फरार दूसरे शूटर और साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पैसे लौटाने से एक दिन पहले मर्डर पत्नी पिंकी देवी ने एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने इस हत्या को प्रॉपर्टी डीलिंग और पैसों के लेनदेन से जुड़ा बताया था। पिंकी देवी ने पुलिस को बताया था कि तुलसी राय और उदय पटेल पति के काफी करीबी थे। उदय पटेल ने शेखपुर इलाके में एक प्लॉट की डील तुलसी राय के माध्यम से कराई थी, जिसके लिए प्रभाकर सिंह ने उदय को 30 लाख रुपए दिए थे। जब प्लॉट की डील फाइनल नहीं हो सकी, तो तुलसी राय को वह रकम लौटानी थी। पैसे वापस करने के लिए 31 मार्च की तारीख तय की गई थी। रकम लौटाने से ठीक एक दिन पहले यानी 30 मार्च को सोची-समझी साजिश के तहत प्रभाकर सिंह की हत्या करा दी गई। चलती बाइक पर 4 गोलियां मारी थी मृतक प्रभाकर सिंह गायघाट के बेरुआ गांव के रहने वाले हैं। वे परिवार के साथ चाणक्यपुरी मोहल्ले में रहते थे। रालोजपा के गायघाट प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। 30 मार्च को वो किसी काम से जीरोमाइल चौक गए थे। दोपहर करीब 12:45 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही चाणक्यपुरी स्थित अपने घर की गली के मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से बाइक सवार 2 बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती बाइक से अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें 4 गोलियां प्रभाकर सिंह को लगीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस का दावा- जल्द पकड़ा जाएगा फरार शूटर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर फरार दूसरे शूटर और अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे हत्याकांड का पूर्ण खुलासा कर लिया जाएगा।
