![]()
लोहरदगा, आदिवासियों के प्रमुख त्योहार करमा को देखते हुए सफाई कर्मियों के बकाया वेतन का भुगतान 20 सितंबर 2026 तक करने की मांग उठी है। झारखंड राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा लोहरदगा के सामूहिक शिष्टमंडल से वार्ता के दौरान नगर परिषद लोहरदगा के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने कंपनी को 20 सितंबर तक सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान का निर्देश दिया। अब्दुल कादिर ने कहा कि सफाई कर्मियों ने ईमानदारी से अपना कार्य किया है और उन्हें समय पर वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी और कंपनी के बीच जो भी मामला हो, उसका खामियाजा सफाई कर्मियों को नहीं भुगतना चाहिए। शिष्टमंडल की मौजूदगी में कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव शर्मा सहित अन्य कर्मियों से बातचीत के बाद उन्होंने भुगतान का निर्देश दिया। इससे पूर्व महासंघ के सदस्य पुराने नगरपालिका कार्यालय से दोपहर दो बजे शांतिपूर्ण मौन जुलूस के रूप में नए नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। गांधी जी के चबूतरे पर आमसभा कर मांगों पर चर्चा की गई। इसके बाद राज्याध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपाध्यक्ष से शिष्टमंडल की वार्ता हुई। महासंघ ने आरोप लगाया कि नगर परिषद से अगस्त 2026 तक तथा कंपनी से जून, जुलाई और अगस्त 2026 के तीन माह का वेतन लंबित है। महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
करमा से पहले सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान की मांग, 20 सितंबर तक भुगतान का आश्वासन
