![]()
समस्तीपुर में ट्रक मालिकों ने भ्रष्टाचार के विरोध में सरकारी अनाज उठाव नहीं करने का निर्णय लिया है। जो जिला मोटर व्यवसायी संघ की बैठक के बाद लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह की। रविवार को बीएसएफसी से जुड़े ट्रक मालिकों की बैठक जितवारपुर में संपन्न हुई। ट्रक मालिकों ने सोमवार को पूरे जिले में उठाव बहिष्कार की घोषणा की। संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि सीडब्लूसी जितवारपुर और एसडब्लू सी बाजार समिति से लोडिंग के वक्त ही इलेक्ट्रॉनिक धर्म कांटा को छेड़छाड़ कर एक से डेढ़ क्विंटल माल कम दिया जाता है। वहीं, प्रखंड के पीडीएस गोदामों पर भी गोदाम प्रबंधक की ओर से वहां धर्म कांटा रहने के बावजूद हाथ कांटा से वजन करा कर लगभग एक क्विंटल का अलग से शॉर्टेज दिया जाता है, यानी कुल मिलाकर सभी ट्रकों पर 2 से ढाई क्विंटल कम वजन बताकर उनका माल चालान रख लिया जाता है। ऐसी स्थिति में ट्रक मालिकों या चालकों को घर से जुर्माना भरकर माल चलान वापस लेना पड़ता है। ऐसी स्थिति में हालात ऐसे हो गए हैं कि ट्रकों पर ड्राइवर मिलना मुश्किल हो गया है। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं कई बार जिला प्रबंधक के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी को भी इस संबंध में शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकाला गया। जिस कारण अब ट्रक मालिकों ने पूरी तरह उठाव कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने बताया कि इस बार जब तक इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला जाता है तब तक ट्रक मलिक संपूर्ण जिले में सरकारी खाद्यान्न के उठाव का बहिष्कार करेंगे। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष विशाल गौरव, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, सुनील राय, विपिन राय, चंदन साह, लालू कुमार, राकेश कुमार, अर्जुन पासवान, अरविंद राय, राजेश राय, अजीत राय, गौरी कुमार, बलराम महतो, मंजय राय सहित दर्जनों ट्रक मालिक उपस्थित थे।

