![]()
गयाजी के बाराचट्टी में एक सड़क हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गम्भीर रूप से घायल है। उसका पटना में इलाज चल रहा है। घटना बाराचट्टी से क्रॉस कर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सोमवार की देर रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सामने से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। कार में बुरी तरह फंस गए थे दोनों सवार हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। हादसे की सूचना मिलने के बाद बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को किसी तरह से कार से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान कार पहले डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद कार चला रहे शख्स ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार हादसे की शिकार हो गई। घायल की हालत गंभीर देख पटना किया रेफर मृतक युवक की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के तेलारी गांव के बंटी जायसवाल (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बंटी जायसवाल, शिव मूरत शाह के पुत्र थे। वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के गुरुरा गांव निवासी पंकज कुमार उर्फ पिंटू सिंह (33 वर्ष) के रूप में की गई है। पंकज कुमार, जितेंद्र सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने घायल पंकज कुमार को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल घायल युवक का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है। लेकिन उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतक व घायल के परिजनों को सूचना दी इस संबंध में मंगलवार की सुबह बाराचट्टी के थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गया भेज दिया गया है। मृतक व घायल के परिजनों को सूचना दी गई है।
