![]()
सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र के सलखुआ बाजार वार्ड संख्या-6 स्थित पूर्व प्रखंड प्रमुख अशोक यादव के घर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने मंगलवार दोपहर सलखुआ थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित अशोक यादव के अनुसार, चोरी की यह घटना 27 और 28 जुलाई की मध्य रात्रि करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच हुई। 10 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए चोर घर के पश्चिम दिशा में स्थित एक दुकान के सहारे छत पर चढ़े और प्रथम मंजिल के कमरे के रास्ते घर में प्रवेश कर गए। घर में घुसने के बाद, चोरों ने ड्रेसिंग टेबल में रखी गोदरेज की चाबी ढूंढ निकाली और अलमारी खोलकर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वे लगभग 12 भर सोने के आभूषण, जिनमें सोने की चेन, हार, नथ, झुमका, बाली, कंगन, अंगूठियां, डायमंड रिंग और मंगलसूत्र शामिल हैं, अपने साथ ले गए। इसके अतिरिक्त, चोरों ने करीब आधा किलो चांदी के आभूषण एवं बर्तन, जिनमें पायल, कटोरा और चम्मच शामिल हैं, तथा 10 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए। चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा – DSP पीड़ित ने बताया कि अधिकांश जेवर उनके दोनों बेटों के विवाह में उपहार स्वरूप मिले थे, जबकि कुछ आभूषण उनकी पत्नी के थे। चोरी का पता तब चला जब अशोक यादव शौच के लिए उठे। कमरे के बाहर प्लास्टिक और खाली थैला पड़ा देखकर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाकर घर की जांच की, तो गोदरेज से सभी कीमती जेवरात और नकदी गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


