![]()
नवादा जिले में शराब तस्करों का एक नया तरीका सामने आया है। उत्पाद विभाग ने गोविंदपुर चेकपोस्ट पर दूध ढोने वाले एक मिनी कंटेनर वाहन से 246 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग की टीम गोविंदपुर चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक दूध के मिनी कंटेनर पर संदेह हुआ। गहन तलाशी लेने पर वाहन के उस हिस्से में, जहां दूध रखा जाता है, विशेष रूप से छिपाकर रखी गई शराब मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 246 कार्टन है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि यह खेप झारखंड से बेगूसराय ले जाई जा रही थी। चेकपोस्ट पर चौबीसों घंटे सघन जांच अभियान बिहार में इस शराब की अनुमानित कीमत 8 से 9 लाख रुपये बताई जा रही है। उत्पाद विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि शराब माफिया चाहे जितने नए तरीके अपनाएं, चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी और सघन जांच से उनकी हर कोशिश नाकाम की जाएगी। बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने उत्पाद विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी वाहन को बिना गहन जांच के बिहार में प्रवेश नहीं करने दिया जाए। संदिग्ध वाहन मिलने पर तत्काल रोककर उसकी तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं। तस्करी की कोशिशें पूरी तरह थमी नहीं प्रशासन का कहना है कि शराब तस्करी रोकने के लिए चेकपोस्ट पर चौबीसों घंटे सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सभी प्रकार के वाहनों की जांच की जा रही है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। हालांकि समय-समय पर बड़ी मात्रा में शराब की खेप जब्त की जाती है और तस्करों की गिरफ्तारी भी होती है, लेकिन इसके बावजूद तस्करी की कोशिशें पूरी तरह थमी नहीं हैं। ऐसे में प्रशासन ने चेकपोस्टों पर निगरानी और सख्त कर दी है।
