![]()
बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग है। वोटिंग से पहले जनसुराज के कैंडिडेट प्रशांत किशोर के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। JDU MLC नीरज कुमार ने पीके के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजनीति के अल्पज्ञानी के माथे पर बेताल आ बैठा है। विधानसभा चुनाव 2025 में जमानत जब्त कराने का रिकॉर्ड बनाने वाले खुद उम्मीदवार बन गए। वोटिंग से एक दिन पहले बुधवार को जनसुराज के 20 नेताओं को पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया। पार्टी के अनुसार, STF की टीम लगातार गिरफ्तारियां कर रही है। कार्यकर्ताओं पर उपद्रवी होने और गलत बातें फैलाने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। जनसुराज की ओर से दावा किया गया है कि अब तक 20 से अधिक कार्यकर्ताओं और पार्टी से जुड़े लोगों को डिटेन किया गया है। यह कार्रवाई पटना पुलिस DIU और STF की ओर से की गई है। उन्हें कहां रखा गया है, किस हालत में हैं, कोई जानकारी भी नहीं दी जा रही है। इधर, सूत्रों की मानें तो शहर के अलग अलग इलाकों में रेड जारी है। देर रात से सुबह तक यह कार्रवाई जारी रहने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने नेताओं की गिरफ्तारी पर पार्टी कार्यालय में आपात बैठक बुलाई है। नेताओं को नहीं छोड़े जाने पर अभी 1 घंटे में खुद थाने जा सकते हैं। जनसुराज कार्यकर्ताओं पर एकतरफा कार्रवाई के आरोप पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव सिंह ने कहा, “बीजेपी के लोगों पर भी कारर्वाई होती तो मुझे खुशी होती। हमारे लोगों को पकड़ा जा रहा है। अगर जनसुराज गलत काम कर रही है तो पुलिस जरूर कार्रवाई करे। पुलिस ये बताए कि वो किस आरोप में पकड़े जा रहे हैं।” वहीं, जन सुराज के महिला मोर्चा के अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि सरकार की मनमानी है, वो बेवजह हमारे लोगों को उठा रहे हैं। साथ ही जिन लोगों का पहले से कोई रिकॉर्ड रहा है, उन्हें भी गिरफ्तार किया जा रहा है। जनसुराज ने एक लेटर जारी करते हुए लिखा- बांकीपुर विधानसभा में जनसुराज के कार्यकर्ताओं पर एकतरफा कार्रवाई करते हुए लगातार गिरफ्तारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में प्रत्यूष पूर्व को जक्कनपुर थाना, खगड़िया निवासी वरुण कुमार को पीरबहोर थाना, मोतिहारी निवासी अभय शर्मा को जक्कनपुर थाना भेजा गया है। वहीं विकास सिंह, अमीर इम्तियाज, मनीष झा और सुदर्शन मिश्रा को STF ने नाटकीय ढंग से हिरासत में लिया है। नीतीश कुमार बयान दे दें, मैं दावेदारी छोड़ दूंगाः PK प्रशांत किशोर ने कहा था, नीतीश कुमार की वोट अपील वाला वीडियो फेक और AI जेनेरेटेड है। उन्होंने कहा, ‘मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि वह नीतीश कुमार का असली वीडियो नहीं है। बीजेपी हार चुकी है। 220 विधायकों, मंत्रियों, सरकारी तंत्र को लगाने के बाद अब ऐसे हथकंडे अपना रही है। एनडीए कैंडिडेट के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की गई है।’ 3.79 लाख से अधिक मतदाता करेंगे वोट बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। इनमें 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला और 23 थर्ड जेंडर हैं। 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में तथा 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सुविधा के लिए 29 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में नामांकन प्रक्रिया के दौरान 40 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया, जिसके चलते अब 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बांकीपुर में पारा मिलिट्री की 14 कंपनियां तैनात बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पुलिस मुख्यालय ने तैयारी कर ली है। चुनाव के दौरान हुड़दंग और वोटिंग के समय गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। पारा मिलिट्री की 14 कंपनियों को तैनात किया गया है। 28 विशेष चेकिंग प्वाइंट्स बनाए गए हैं। हर छोटे-बड़े वाहन की जांच की जा रही है। पटना आईजी जितेन्द्र राणा ने सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे खुद गश्त की कमान संभालें और आचार संहिता का पालन कराएं। सभी बूथ पर सशस्त्र बल तैनात रहेंगे पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने कहा कि आपसी समन्वय से मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराया जाए। सभी 422 बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र बल तैनात रहेंगे और जिला बल के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च होगा।

