![]()
गया जंक्शन पर फिरोजाबाद-धनबाद एक्सप्रेस में कपलिंग(दो बोगी के कोच जोड़ने वाली जगह) के बीच शॉर्ट सर्किट से तार में आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बिना देरी किए आधुनिक यंत्रों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कुछ ही देर की मशक्कत के बाद पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। समय रहते आग बुझाने से यह अन्य कोचों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना गुरुवार सुबह करीब 1:20 बजे हुई। कोई जानी नुकसान नहीं, बड़ा हादसा टला आग लगने के बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि, दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। इस अभियान का नेतृत्व जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने किया। उनके साथ सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी नवीन सिंह, मोहित कुमार, अग्निक राहुल कुमार, सुजीत कुमार और प्रधान अग्निक धर्मेंद्र पासवान सहित अन्य दमकल कर्मी मौजूद थे। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है, ताकि वास्तविक वजह सामने आ सके। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है। शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी आरपीएफ थानाध्यक्ष बनारसी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन की दो बोगियों को जोड़ने वाले हिस्से(कपलिंग) में शॉर्ट सर्किट होने से तार में आग लग गई थी। आग लगने के बाद उठा धुआं बोगी के अंदर प्रवेश कर गया, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि रेलवे और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य कर दिया गया है। आम जनता से अपील जिला अग्निशमन विभाग ने कहा कि आपात स्थिति में त्वरित सूचना और समय पर कार्रवाई से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि आग लगने जैसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। गया जंक्शन पर हुई इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दमकल विभाग की मुस्तैदी और त्वरित प्रतिक्रिया किसी भी बड़ी दुर्घटना को टालने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
