![]()
किशनगंज के पौआखाली थाना क्षेत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि और पूर्व मुखिया अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के आवेदन पर पौआखाली थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी (कांड संख्या 120/2026) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि 28 जुलाई की रात लल्लू मुखिया उसकी बेटी से जुड़े एक विवाद में पंचायत कराने के बहाने उसे, उसके पति और बेटी को अपने साथ ले गया था। रास्ते में उसके पति को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद महिला को किशनगंज के एक होटल में ले जाकर उसके साथ जबरन रेप किया गया। सिलसिलेवार जानिए पूरी घटना…. पीड़िता के अनुसार, पहले उसकी बेटी के साथ भी दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इसमें सफल नहीं होने पर बेटी को दूसरे कमरे में भेज दिया गया और फिर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और मामला दबाने के लिए पांच लाख रुपये देने का प्रस्ताव भी रखा गया। परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि आरोपी एक प्रभावशाली व्यक्ति है और लगातार धमकियां दे रहा है। उसने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। उस पर हर्ष फायरिंग, वाहन से शराब बरामदगी और एक पत्रकार को धमकी देने जैसे मामलों में भी आरोप लग चुके हैं। हालांकि, वह उन मामलों में न्यायालय से जमानत प्राप्त कर चुका है। पौआखाली थाना में FIR दर्ज प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पौआखाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
