![]()
मोतिहारी के पताही प्रखंड में सावन की पहली सोमवारी पर बागमती नदी में तीन किशोर डूब गए। इनमें से दो लापता हैं, जबकि एक किशोर तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। यह घटना देवापुर पंचायत स्थित संगम घाट पर जलबोझी के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, सावन की पहली सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवापुर संगम घाट पर जल भरने पहुंचे थे। इसी दौरान जलबोझी कर रहे तीन किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए। एक किशोर किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन दो अन्य नदी की तेज धारा में लापता हो गए। ग्रामीणों और नाविकों ने तुरंत खोजबीन शुरू की लापता किशोरों की पहचान ललबेगिया गांव निवासी कमलेश कुमार (17 वर्ष) और रौशन कुमार (14 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और नाविकों ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। संगम घाट पर अंचलाधिकारी (सीओ) रितेश कुमार सेठ और पचपकरी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय गोताखोरों तथा नाविकों की मदद से तलाश अभियान तेज कराया। गहरे पानी से दूर रहने की अपील प्रशासन ने एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी है, ताकि पेशेवर तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता किशोरों का पता लगाया जा सके। नदी में तेज धारा और गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इस घटना के बाद ललबेगिया गांव में शोक का माहौल है। परिजन बच्चों को जल्द खोज निकालने की गुहार लगा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी से दूर रहें।

